Home Uncategorized बलरामपुर में रक्षाबंधन पर पुलिस का फ्लैग मार्च:संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा,...

बलरामपुर में रक्षाबंधन पर पुलिस का फ्लैग मार्च:संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा, बाजारों में पैदल गश्त और चेकिंग

0
1


बलरामपुर पुलिस ने रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को नगर क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया। पुलिस टीम ने वीर विनय चौराहा, पूरब टोला, नई बाजार, पुरानी बाजार, चौक बाजार, मेजर चौराहा और अंबेडकर चौराहा जैसे प्रमुख बाजारों, चौराहों और बस स्टैंड सहित संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आमजन से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील भी की। अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एंटी रोमियो टीम को सक्रिय किया गया और मनचलों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। यातायात पुलिस ने अवैध अतिक्रमण और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया। इसी क्रम में, जिले के सभी थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रक्षाबंधन के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह पैदल गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here