
बलरामपुर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज थाना पचपेड़वा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, बैरक, मालखाना, मिशन शक्ति केंद्र और सीसीटीएनएस कार्यालय का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, अनुशासन और पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की भी समीक्षा की। थाना कार्यालय में एसपी ने अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, आईजीआरएस प्रकरणों और लंबित अभियोगों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों में नियमानुसार और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए और पीड़ितों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान हो। एसपी ने थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की नियमित चेकिंग के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने को भी कहा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए। मिशन शक्ति केंद्र पर उन्होंने महिला एवं बाल अपराधों से जुड़ी शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनकर त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल और प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश चौहान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Home Uncategorized बलरामपुर एसपी ने पचपेड़वा थाने का औचक निरीक्षण किया:कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने...



























