
बलरामपुर के रेहरा बाजार में भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व को लेकर रेहरा बाजार क्षेत्र में उत्साह चरम पर है। पर्व की तैयारियों के बीच मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के साथ मुंह मीठा कराने के लिए विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की खरीदारी कर रही हैं। बाजार में सुबह से देर शाम तक चहल-पहल बनी हुई है। रक्षाबंधन को देखते हुए मिठाई कारोबारियों ने अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया है। ग्राहकों की पसंद के अनुसार कई तरह की मिठाइयां तैयार की गई हैं। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के लिए भी लोग मिठाइयां खरीदते दिख रहे हैं, जिससे व्यापारियों के चेहरे पर खुशी है। क्षेत्र की रीना, पूनम, दीपा और चंद्रमा जैसी स्थानीय महिलाओं ने बताया कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं है, बल्कि यह भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और अपनत्व को मजबूत करने का अवसर है। इस दिन बहनें भाइयों की खुशहाली की कामना करती हैं, और भाई भी बहनों को उपहार देकर अपना स्नेह व्यक्त करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए रेहरा बाजार पहुंच रहे हैं। मिठाई की दुकानों के अलावा किराना और उपहार की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। पर्व के कारण पूरे बाजार में विशेष रौनक छाई हुई है। रक्षाबंधन के उल्लास ने पूरे क्षेत्र को त्योहार के रंग में रंग दिया है। बाजारों में उमड़ी यह भीड़ भाई-बहन के रिश्ते की मिठास और पर्व के प्रति लोगों के उत्साह को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।



























