
बलरामपुर। रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बलरामपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के नेतृत्व में नगर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान वीर विनय चौराहा, पूरब टोला, नई बाजार, पुरानी बाजार, चौक बाजार, मेजर चौराहा और बस स्टैंड सहित कई प्रमुख स्थानों पर सघन पैदल गश्त की गई। पुलिस अधिकारियों ने इस दौरान स्थानीय लोगों और व्यापारियों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन चेकिंग की गई। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एंटी रोमियो टीम को भी सक्रिय किया गया है। इसके अतिरिक्त, यातायात पुलिस ने अतिक्रमण और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा संबंधित थाना पुलिस को दें। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Home Uncategorized बलरामपुर में एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च:संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त, संदिग्धों...



























