
बहराइच में ड्यूटी के दौरान पीआरडी जवान से कथित मारपीट का मामला बुधवार को गरमा गया। आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में पीआरडी जवान कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। जवानों ने अधिकारियों से आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया और क्षेत्राधिकारी को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। डंडा छीनकर पिटाई करने का आरोप पीआरडी जवानों के मुताबिक, 27 अगस्त को राजा बाजार चौकी के बाहर पीआरडी जवान कामता प्रसाद यादव ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान चौकी पर तैनात आरक्षी शुभम यादव से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि सिपाही ने पहले कामता यादव से डंडा छीन लिया और इसके बाद उनकी पिटाई कर दी। मारपीट में कामता यादव का हाथ टूट गया। घटना के बाद उन्होंने मामले की शिकायत की, लेकिन कई दिन तक कार्रवाई न होने से पीआरडी जवानों में नाराजगी बढ़ गई। कलेक्ट्रेट पहुंचकर जताया विरोध बुधवार दोपहर बड़ी संख्या में पीआरडी जवान जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी बात रखते हुए आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। जवानों का कहना था कि ड्यूटी के दौरान साथी जवान के साथ मारपीट गंभीर मामला है और ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने आरोपी आरक्षी शुभम यादव को निलंबित कर दिया। साथ ही क्षेत्राधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए गए हैं। सिपाही के निलंबन की जानकारी मिलने के बाद पीआरडी जवानों ने एसपी का आभार जताया। जवानों ने कहा कि कार्रवाई से उन्हें राहत मिली है और उन्हें उम्मीद है कि जांच में पूरी सच्चाई सामने आएगी।
































