
सदर ब्लॉक के बागापार ग्राम पंचायत के अमरूवा टोला में बारिश के दिनों में जलभराव और कीचड़ से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ जाती है। नाली न होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रहता है, जिससे लोगों को काफी दिक्कत होती है। टोले का पुराना खड़ंजा भी जगह-जगह से टूट गया है। सड़क पर बने गड्ढों और फैले कीचड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इससे रास्ते पर फिसलन हो जाती है और ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी निकलने की सही व्यवस्था न होने से हर बारिश में यही हालत हो जाती है। उन्हें हर साल इस समस्या से जूझना पड़ता है। काशी प्रसाद, उमेश मिश्रा, ओमप्रकाश यादव, नाजिम, मिलन और अखिलेश कुमार संदीप जैसे ग्रामीणों ने अधिकारियों से समस्या का स्थायी हल निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे पक्की नाली बनने और टूटे खड़ंजे की मरम्मत होने से जलभराव की समस्या दूर हो सकती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
































