
सादुल्लानगर/बलरामपुर। रेहरा विकासखंड की ग्राम पंचायत देवरिया इनायत का मुख्य मार्ग खराब हालत में है। यह सड़क कई ग्राम पंचायतों को जोड़ती है, जिससे हर दिन हजारों लोग आते-जाते हैं। करीब 500 मीटर के हिस्से में सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क खराब है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। बारिश के मौसम में हालत और बिगड़ जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों का फर्क पता नहीं चलता। इससे दोपहिया वाहन चलाने वालों और पैदल चलने वालों को बहुत दिक्कत होती है। यहां आए दिन हादसे होने की आशंका बनी रहती है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए इस रास्ते से गुजरना खास तौर पर खतरनाक है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क इलाके के कई गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ती है। खराब सड़क की वजह से लोगों को आने-जाने में ज्यादा समय और परेशानी होती है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क की तुरंत मरम्मत कराने की मांग की है।































