
आजादनगर में श्री कृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ युवा सनातन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधानसभा उतरौला के प्रत्याशी रंजीत आजाद ने किया। आयोजन समिति ने बताया कि आजाद नगर (हुसैनाबाद) में श्री कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। यह पांच दिवसीय धार्मिक महोत्सव है, जिसमें प्रतिदिन भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का सजीव मंचन और कथा का आयोजन होगा। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित अम्बिका प्रसाद दुबे श्री कृष्ण कथा सुनाएंगे। उनके द्वारा भगवान श्री कृष्ण के जन्म से लेकर बाल लीलाओं, माखन चोरी, गोवर्धन लीला और रासलीला तक की कथा भक्तों के सामने प्रस्तुत की जाएगी। कथा के साथ उनकी मंडली द्वारा विशेष झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। इनमें राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती और बाल गोपाल की झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम स्थल आजाद नगर को सजाया जा रहा है। पूरे पंडाल में फूल-मालाओं और विद्युत झालरों से भक्तिमय वातावरण बनाया जा रहा है। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। शुभारंभ के अवसर पर युवा सनातन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजीत आजाद ने कहा कि आज के युवा को अपनी सनातन संस्कृति और भगवान श्री कृष्ण के आदर्शों से जोड़ना ही उनकी संस्था का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण ने गीता के माध्यम से जो कर्म का संदेश दिया है, उसे लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने इस जन्मोत्सव को केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि सनातन एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में आने का आग्रह किया। इस अवसर पर आयोजन समिति के प्रमुख सदस्य वैभव श्रीवास्तव के साथ-साथ विनय पांडेय, प्रिंस, सुरेश, राजेश, अश्विनी, राकेश, सौरभ , रामबाबू, गोलू, अमन, गौरव, पंकज, हिमांशु, प्रकाश, रविन्द्र, ओम प्रकाश, अंकित, सतीश श्रीवास्तव और कई स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।































