
हरैया सतघरवा के ललिया थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे तेंदुए ने मन्नू पासवान के घर के सामने बंधी बछिया पर हमला कर दिया। परिवार के लोगों और ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ बछिया को छोड़कर भाग गया। इस हमले में बछिया गंभीर रूप से घायल हो गई। लगातार हो रही घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने की मांग को लेकर वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में राजेश, मनोज, छोटकऊ, ओमप्रकाश, सहजाराम, ननके, संतराम, राजू, अलखराम और छोटकू जैसे ग्रामीण शामिल थे। इससे पहले, शनिवार को पश्चिमी कपौवा गांव में तेंदुआ उदयराज पाल के खपरैल मकान पर बैठा दिखा था। ग्रामीणों के खदेड़ने पर वह गन्ने के खेत में चला गया। इसी दौरान तेंदुआ बच्चा राम पाल के बाड़े से एक भेड़ उठा ले गया, जिसके अवशेष बाद में झाड़ियों में मिले। पूर्व प्रधान राजेश यादव ने बताया कि करीब 10 दिनों से तेंदुए की गतिविधियां बढ़ गई हैं। वह छितौनी, कपौवा, परसा, करमैती, रमनगरा समेत आसपास के कई गांवों में घूमकर पालतू पशुओं को निशाना बना चुका है। इससे ग्रामीणों और पशुपालकों में डर का माहौल है। उन्होंने तेंदुए को पकड़ने और निगरानी बढ़ाने की मांग की। बनकटवा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी शत्रुहन लाल ने बताया कि तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिलने पर टीम को भेजकर निगरानी की जा रही है। जरूरी कार्रवाई की जा रही है































