
जनपद बहराइच की तहसील मोतीपुर (मिहींपुरवा) के थाना मोतीपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत शोभापुरवा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। गांव में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर गांव के मंदिरों की विशेष साफ-सफाई और आकर्षक सजावट का कार्य पूरा कर लिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार जन्माष्टमी की रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य एवं मनमोहक झांकियां सजाई गई हैं, जिन्हें देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों में खासा उत्साह है। वहीं धार्मिक आयोजन के तहत रामचरितमानस पाठ एवं श्रीकृष्ण कथा का भी आयोजन किया गया है। गांव की महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन कर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की जा रही है। पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालु जन्माष्टमी पर्व को लेकर पूरी तरह उत्साहित नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का यह पर्व हर वर्ष गांव में आपसी भाईचारे, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।































