Home उत्तर प्रदेश सुजौली में जंगली हाथियों ने धान-गन्ने की फसलें रौंदीं:कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के...

सुजौली में जंगली हाथियों ने धान-गन्ने की फसलें रौंदीं:कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में 5 हाथियों का झुंड सक्रिय

0
5


कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज में जंगली हाथियों की आवाजाही जारी है। गुरुवार और शुक्रवार देर रात भैंसाही गांव के बाहर खेतों में करीब पांच हाथियों का झुंड घुस आया। हाथियों ने धान और गन्ने की फसलों को रौंदकर किसानों को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड देर रात गिरनफटवा इलाके में पहुंचा। खेतों में हाथियों के घुसने की खबर मिलते ही ग्रामीणों में चिंता फैल गई। किसानों ने शोर मचाकर, ढोल बजाकर और हांका लगाकर हाथियों को खेतों से दूर भगाया। हाथियों ने चार किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। इनमें किसान वासुदेव की करीब चार बीघा धान, बसरू की दो बीघा धान, रामसरन की करीब एक एकड़ गन्ने की फसल और वारिस अली की दो बीघा धान की फसल शामिल है। किसान वासुदेव, रफीक, नियाज, रामसरन और वारिस समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि जंगली हाथियों का झुंड काफी समय से इस इलाके में सक्रिय है। रात के समय हाथियों के खेतों में आने से किसानों में डर है। हाथी खड़ी फसल को बर्बाद कर रहे हैं, जिससे उनकी महीनों की मेहनत बेकार हो रही है। किसानों ने वन विभाग को घटना की जानकारी दी है। उन्होंने फसलों के नुकसान का अनुमान लगाकर नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही हाथियों को आबादी और खेतों से दूर रखने के लिए कदम उठाने की भी मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर हाथियों की आवाजाही पर जल्द रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में फसलों को और ज्यादा नुकसान हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here