
पयागपुर क्षेत्र में भारी बारिश के बाद सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। सुभाष कॉलोनी और राधानगर के बीच बना पक्का पुल और उसके दोनों ओर की सड़क जगह-जगह टूट गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। यह मार्ग कई गांवों और कस्बों को जोड़ता है। सड़क खराब होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने में बहुत मुश्किल हो रही है। इस समस्या को लेकर पयागपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक को एक प्रार्थना पत्र दिया गया है। इसमें पुल और सड़क की तुरंत मरम्मत कराने की मांग की गई है। पत्र में बताया गया है कि बारिश के कारण पुल के दोनों तरफ की सड़क बुरी तरह खराब हो गई है। गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता खतरनाक हो गया है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, पुल सिंचाई विभाग, गोंडा-बलरामपुर ने बनाया था, जो अब खराब हालत में है। वहीं, पुल के दोनों ओर की सड़क पीडब्ल्यूडी की योजना के तहत बनी थी, लेकिन भारी बारिश से उसकी हालत भी बिगड़ गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह आसपास के कई गांवों और कस्बों के लिए एकमात्र संपर्क मार्ग है। सड़क खराब होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में दिक्कत हो रही है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। सामाजिक कार्यकर्ता राजू विश्वास ने विधायक से पुल और सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।






























