
सिरसिया विकासखंड क्षेत्र के एकघरवा गांव में जन्माष्टमी की रात बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी रही। ग्रामीणों का आरोप है कि एकघरवा फीडर की बिजली रात करीब 10:20 बजे से 12:20 बजे तक बंद रही। इस दौरान मंदिरों और घरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के कार्यक्रम चल रहे थे। बिजली गुल होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंदिरों में चल रहे धार्मिक कार्यक्रम और जन्माष्टमी की तैयारियां भी प्रभावित हुईं। ग्रामीणों के मुताबिक, बिजली समस्या की जानकारी देने के लिए संबंधित जेई को कई बार फोन किया गया, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों के समय इस तरह की कटौती से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।
































