Home उत्तर प्रदेश बहदुरी में अनियंत्रित पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, दो घायल:वाहन में फंसे युवकों को पुलिस...

बहदुरी में अनियंत्रित पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, दो घायल:वाहन में फंसे युवकों को पुलिस ने गैस कटर से काटकर निकाला

0
0


बृजमनगंज। कोल्हुई-बृजमनगंज मार्ग पर शनिवार तड़के बहदुरी गांव के पास एक तेज रफ्तार पिकअप बेकाबू होकर हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में पिकअप में सवार दो युवक घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया और दोनों युवक पिकअप के अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी कोशिश के बाद पुलिस ने गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए बृजमनगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे कंट्रोल रूम-112 से पुलिस को बहदुरी गांव के पास पिकअप के हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर राजकुमार अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर UP56 AT 7005 नंबर की पिकअप हादसे का शिकार हुई मिली। बताया गया कि पिकअप कोल्हुई से बृजमनगंज की तरफ जा रही थी। बहदुरी गांव के पास चालक गाड़ी पर काबू नहीं रख पाया और पिकअप का हादसा हो गया। हादसे के बाद पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया था। वाहन का दरवाजा भी नहीं खुल रहा था, जिस वजह से उसमें सवार दोनों युवक बाहर नहीं निकल पा रहे थे। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। काफी कोशिश के बाद गैस कटर की मदद से पिकअप के टूटे हुए हिस्से को काटकर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक, घायल युवकों की पहचान बबलू पुत्र बरसाती और करण पुत्र शिवचरण के तौर पर हुई है। ये दोनों लक्ष्मीपुर एकमा, थाना पुरंदरपुर के रहने वाले हैं। दोनों को तुरंत सीएचसी बृजमनगंज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर हालात सामान्य हैं। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here