डिजिटल डेस्क, गांधीनगर। गुजरात के गांधीनगर जिले से बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के देहगम उपखंड के अंगुथला गांव में एक विवाहित महिला और उसके प्रेमी ने कथित तौर पर अपने नवजात बच्चे की हत्या कर दी। पुलिस ने गुरुवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
21 वर्षीय कल्पना सोलंकी अपने पति से एक साल से ज्यादा समय से अलग रह रही थीं। इस दौरान उनका 32 वर्षीय कलजी सोलंकी से अवैध संबंध चल रहा था, जिससे वे गर्भवती हो गईं। 14 नवंबर की रात उन्हें प्रसव दर्द हुआ। वे शौच के बहाने पास के चरागाह इलाके में गईं, जहां उन्होंने बेटी को जन्म दिया और बच्चे को अपने प्रेमी के हवाले कर दिया।
जांच में सामने आया कि सामाजिक कलंक के डर से कलजी ने नवजात शिशु का गला घोंट दिया और उसे एक गड्ढे में छोड़ दिया। कुछ लोगों ने बच्चे को वहां से देखा और गांधीनगर सिविल अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम में मौत का कारण गला घोंटना पाया गया।
देहगम पुलिस ने हत्या और बच्चे को छोड़ने संबंधी धाराओं के तहत दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
















