विश्व धरोहर सप्ताह पर बहादुरपुर के क्रांतितीर्थ महुआ डाबर संग्रहालय में हेरिटेज वॉक और दस्तावेज प्रदर्शनी हुई। कार्यक्रम में इतिहास प्रेमियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को महुआ डाबर के इतिहास से परिचित कराना और धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत महुआ डाबर के शहीदों और क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि देकर हुई। इसके बाद हेरिटेज वॉक निकाली गई। प्रतिभागियों ने मनोरमा नदी के किनारे स्थित ऐतिहासिक जगहों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थानों का दौरा किया। स्थानीय इतिहासकारों और वरिष्ठ नागरिकों ने महुआ डाबर के ऐतिहासिक महत्व, जनआंदोलन और क्रांतिकारियों के बलिदान से जुड़ी घटनाओं की जानकारी दी। संग्रहालय परिसर में लगी प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े दुर्लभ दस्तावेज, पुराने पत्र, पांडुलिपियां, पुस्तकें, अखबारों की कतरनें, ऐतिहासिक तस्वीरें और मानचित्र रखे गए। अलग-अलग कालखंडों के सोने, चांदी, तांबे और अन्य धातुओं के प्राचीन सिक्के भी प्रदर्शित किए गए। विद्यार्थियों ने सिक्कों पर लिखी लिपियों, चिह्नों और आकृतियों के जरिए इतिहास समझने में रुचि दिखाई। वक्ताओं ने कहा कि महुआ डाबर संघर्ष, बलिदान और शौर्य की विरासत है। इसे बचाकर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से कराने की जरूरत बताई। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर क्रांतिकारी शहीद वंशज डॉ. शाह आलम राना, मोहित कुमार, अबरारुलहक, अतुल चौधरी, तोराब अहमद, उदयपाल, फतेह मोहम्मद, शाबान और सौरभ सहित कई लोग मौजूद रहे।
महुआ डाबर में हेरिटेज वॉक और दस्तावेज प्रदर्शनी हुई:विश्व धरोहर सप्ताह पर आयोजित कार्यक्रम में ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प लिया गया
BREAKING
NEWS
















