श्रावस्ती के जमुनहा तहसील में शनिवार को डीएम मनोज कुमार राय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान भूमि विवाद और चकमार्गों पर अवैध कब्जे की शिकायतें प्रमुखता से उठीं। फरियादियों ने बताया कि गांवों में चकमार्गों पर लोगों ने कब्जा कर रखा है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने चकमार्गों की पैमाइश कराकर कब्जे हटवाने की मांग की। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने मौके पर मौजूद एसडीएम और नायब तहसीलदार को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम के साथ गांवों में जाकर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा- चकमार्गों की पैमाइश कराकर अवैध कब्जे हटवाए जाएं और कार्रवाई से उन्हें भी अवगत कराया जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि चकमार्गों पर कब्जे की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। लेखपालों से मांगा प्रमाणपत्र डीएम ने क्षेत्रीय लेखपालों के साथ बैठक कर चकमार्गों और सार्वजनिक भूमि को कब्जामुक्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक लेखपाल से इस आशय का प्रमाणपत्र देने को कहा- उनके क्षेत्र में किसी भी चकमार्ग या सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा नहीं है। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। किसी भी फरियादी को समस्या के समाधान के लिए जिला मुख्यालय या अन्य कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। तहसील स्तर पर ही प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीएम ने सभी एसडीएम को लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समयसीमा में उनका निस्तारण कराने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। तीनों तहसीलों में 83 शिकायतें मिलीं संपूर्ण समाधान दिवस में जमुनहा तहसील में कुल 51 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतें संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंप दी गईं। वहीं, इकौना तहसील में 21 शिकायतें आईं, जिनमें से एक का मौके पर निस्तारण हुआ। भिनगा तहसील में 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से दो का निस्तारण मौके पर किया गया।
श्रावस्ती में समाधान दिवस पर 5 शिकायतों का निस्तारण:चकमार्गों पर अवैध कब्जे की शिकायतें पहुंचीं, डीएम ने लेखपालों से कब्जामुक्त का प्रमाणपत्र मांगा
BREAKING
NEWS












