जमुनहा, श्रावस्ती। धान की कटाई के साथ जमुनहा क्षेत्र के कुछ गांवों में किसान खेतों में पराली जला रहे हैं। इससे धुआं फैल रहा है और मिट्टी की गुणवत्ता पर असर पड़ने की आशंका है। कृषि विभाग किसानों को पराली न जलाने और उसके सही इस्तेमाल के लिए जागरूक कर रहा है।
उप कृषि निदेशक रामाश्रय यादव ने बताया कि पराली जलाने से मिट्टी के मित्र कीट और उपयोगी सूक्ष्म जीव नष्ट होते हैं। इससे जमीन की उर्वराशक्ति पर असर पड़ता है। उन्होंने किसानों से पराली जलाने के बजाय उससे खाद बनाने या दूसरे कृषि कार्यों में इस्तेमाल करने की अपील की।
यादव ने बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण के आदेश के मुताबिक, पराली जलाने पर खेत के रकबे के आधार पर जुर्माना लग सकता है। दो एकड़ से कम जमीन पर 5 हजार रुपये, दो से पांच एकड़ तक 10 हजार रुपये और पांच एकड़ से ज्यादा जमीन पर हर घटना के लिए 30 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है।
कृषि विभाग पराली के प्रबंधन के लिए वेस्ट डी-कम्पोजर बांटेगा। इसके घोल का छिड़काव करने से करीब दो सप्ताह में जैविक खाद तैयार की जा सकती है। ‘पराली दो खाद लो’ अभियान के तहत फसल के अवशेष गौशालाओं तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जा रही है।
जिले में किसानों को जागरूक करने के लिए 24 स्थायी होर्डिंग, 155 जगहों पर वॉल पेंटिंग और पांच प्रचार वाहन लगाए गए हैं। विभाग कंबाइन हार्वेस्टर में एसएमएस सिस्टम या स्ट्रारीपर के इस्तेमाल पर भी जोर दे रहा है।
कृषि विभाग ने किसानों से पर्यावरण और मिट्टी की सेहत को ध्यान में रखते हुए पराली न जलाने और उपलब्ध दूसरे तरीकों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
जमुनहा क्षेत्र में किसान पराली जला रहे:उप कृषि निदेशक ने बताया- इससे मिट्टी के मित्र कीट और उपयोगी सूक्ष्म जीव नष्ट होते हैं
BREAKING
NEWS

















