
बहराइच के बलहा विकासखंड की ग्राम पंचायत खैरी समैसा में शनिवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर एक दिवसीय टीकाकरण और स्वास्थ्य जागरूकता शिविर लगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को बच्चों के नियमित टीकाकरण के बारे में बताया और संक्रामक बीमारियों से बचाव के तरीके सिखाए। शिविर में सीएचओ डॉ. मोहम्मद शाकिर, एएनएम सुनैना सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकत्री आरती गुप्ता और आशा बहू रीता त्रिपाठी सहित पूरी स्वास्थ्य टीम मौजूद थी। टीम ने ग्रामीणों को शिविर की जानकारी दी और बच्चों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छोटे बच्चों को जरूरी टीके लगाए गए और उनके स्वास्थ्य की जांच की गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चों को खसरा और दूसरी बीमारियों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण कराने की अपील की। शिविर में बच्चों को उनकी जरूरत के हिसाब से कई स्वास्थ्य सेवाएं मिलीं। गलघोंटू जैसी बीमारियों से बचाव के लिए टीके लगाए गए, विटामिन-ए की खुराक दी गई और सर्दी-जुकाम, बुखार जैसी आम समस्याओं के लिए दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को उमस और गर्मी के मौसम में खास सावधानी बरतने की सलाह दी। टीम ने बताया कि आसपास गंदगी और पानी जमा होने से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छर से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, साफ-सफाई रखने और मच्छरों से बचाव के तरीके अपनाने की अपील की गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों से बच्चों के टीकाकरण का रिकॉर्ड संभालकर रखने और तय समय पर अगली खुराक लगवाने की भी अपील की। इस शिविर के जरिए ग्रामीणों को स्वास्थ्य और साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने की कोशिश की गई।
































