
श्रावस्ती के जमुनहा विकास खंड की ग्राम पंचायत नासिरगंज के मजरा चंदन कोटिया में जन्नन अली कोटेदार के घर के सामने मुख्य रोड पर कई दिनों से कचरा जमा है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। सड़क पर कचरा होने से आने-जाने वाले राहगीरों और स्कूली बच्चों को बदबू और गंदगी से जूझना पड़ रहा है। बरसात के कारण कचरे की बदबू और बढ़ गई है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में तैनात सफाई कर्मी कई दिनों से नहीं आ रहा है। इस वजह से नालियों की सफाई भी नहीं हो पा रही है। स्थानीय निवासी चुन्नन अली ने बताया कि कोटेदार के घर के सामने ही मुख्य रास्ता है, जहां से सबका आना-जाना होता है। कचरा रोड पर ही पड़ा रहता है, जिससे मोटरसाइकिल और साइकिल निकालने में बहुत दिक्कत होती है। उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण सैफ रिजवी ने कहा कि सफाई कर्मी का तो पता ही नहीं है कि वह कब आता है। महीने में एक-दो बार ही दिखता है। कचरा नहीं उठने से मच्छर बढ़ रहे हैं और बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। प्रधान और सचिव से भी इस बारे में कहा गया है। यासिर रिजवी ने बताया कि इसी रास्ते से वे लोग पानी भरने जाते हैं और बच्चों को स्कूल भेजते हैं। इतनी बदबू आती है कि नाक बंद करके जाना पड़ता है। सरकार स्वच्छता की बात करती है, पर यहां कोई सफाई नहीं होती। ग्रामीणों ने जिला और ब्लॉक प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द रोड से कचरा हटवाया जाए। साथ ही, नियमित सफाई कर्मी को गांव में भेजकर सफाई व्यवस्था ठीक कराई जाए।
































