Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश कार्तिक पूर्णिमा पर छोटी गंडक में हजारों ने स्नान किया:महराजगंज के बैकुंठी...

कार्तिक पूर्णिमा पर छोटी गंडक में हजारों ने स्नान किया:महराजगंज के बैकुंठी धाम में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और दीपदान किया

महराजगंज के घुघली नगर स्थित बैकुंठी धाम में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को छोटी गंडक नदी के घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचने लगे। हर-हर गंगे, जय कार्तिकेय और हर-हर महादेव के जयकारों से घाट गूंजता रहा। हजारों लोगों ने नदी में डुबकी लगाकर स्नान, ध्यान और दान-पुण्य किया। पुरुष, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में पर्व मनाने पहुंचे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और भगवान शिव के मंदिरों में पूजा-अर्चना की। लोगों ने दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते बैकुंठी धाम क्षेत्र में मेले जैसा माहौल रहा। फूल-माला, दीप, मिठाई और पूजा सामग्री की दुकानें सजी रहीं। बच्चों ने भी मेले का आनंद लिया। सुरक्षा के लिए पुलिस और गोताखोर तैनात कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। घुघली थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते रहे। नदी किनारे गोताखोरों की तैनाती की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके। स्नान-दान और दीपदान की विशेष मान्यता हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार धारण कर सृष्टि की रक्षा की थी। इस दिन स्नान, दान और दीपदान करने से पुण्य मिलने की मान्यता है। इसी अवसर पर देव दीपावली भी मनाई जाती है। बैकुंठी धाम में दिनभर आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा।