बृजमनगंज क्षेत्र में मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते 24 घंटे में रेलवे स्टेशन पर दो अलग-अलग घटनाएं हुईं। पहली घटना में चोरी का मोबाइल लेकर जा रहे एक युवक को स्टेशन मास्टर ने संदिग्ध हालत में रोककर पूछताछ की। दूसरी घटना में चलती ट्रेन से यात्रियों के मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया। इससे यात्रियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। शनिवार रात करीब 12 बजे गोरखपुर से लखनऊ जा रही मैलानी ट्रेन से एक युवक बृजमनगंज रेलवे स्टेशन पर उतरा। स्टेशन मास्टर को युवक पर शक हुआ तो उसे रोककर पूछताछ की गई। मोबाइल खोलने को कहने पर वह मोबाइल अनलॉक नहीं कर सका। जांच में पता चला कि मोबाइल से सिम निकालकर फेंक दिया गया था। जीआरपी की पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने मोबाइल गोरखपुर में अपने मालिक का चुराया था। उसने लकड़ी की सींक से मोबाइल का लॉक तोड़कर सिम निकाल दिया था। जीआरपी ने रात में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को युवक सौंपने का प्रयास किया, लेकिन रेलवे परिसर का हवाला देकर पुलिसकर्मी वहां से चले गए। इसके बाद मामला आगे नहीं बढ़ सका। इसके करीब 24 घंटे बाद रविवार रात दूसरी घटना हुई। लखनऊ-गोरखपुर इंटरसिटी ट्रेन बृजमनगंज स्टेशन पर रुकी थी। ट्रेन चलने के दौरान दो युवक यात्रियों के मोबाइल छीनकर भागने लगे। स्थानीय यात्रियों और जीआरपी ने उनका पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों फरार हो गए। जीआरपी थानाध्यक्ष फरेंदा राम समुझ ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल को संदिग्धों की निगरानी और पूछताछ के निर्देश दिए जाएंगे। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही घटनाओं से यात्रियों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और रात में गश्त तेज करने की मांग की है।




















