बहादुरपुर ब्लॉक की नवली ग्रामसभा के राजपुरवा गांव की मीरा देवी पिछले 15 साल से पूरी तरह दृष्टिहीन हैं। इसके बावजूद उनके परिवार को कई सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है। परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और सरकारी मदद की उम्मीद लगाए बैठा है। मीरा देवी के पति राजू हैं। उनके तीन छोटे बच्चे गुड्डू, विराज और विनय हैं। आंखों की रोशनी न होने के कारण मीरा के लिए रोजमर्रा के काम पहले से ही मुश्किल हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। मीरा देवी के मुताबिक, उन्हें अब तक दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है। परिवार के पास राशन कार्ड भी नहीं है, जिसके कारण सस्ते राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उनका कहना है कि उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन भी नहीं मिला है। इसके अलावा परिवार के पास सरकारी आवास और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं हैं। तीन छोटे बच्चों की जिम्मेदारी और आर्थिक तंगी के बीच सरकारी योजनाओं का लाभ परिवार के लिए बड़ी मदद साबित हो सकता है। परिवार का कहना है कि पात्रता के बावजूद योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।



















