Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती में ईंट-भट्ठे के गड्ढे में मिला मजदूर का शव:रात भर घर...

श्रावस्ती में ईंट-भट्ठे के गड्ढे में मिला मजदूर का शव:रात भर घर न लौटने पर तलाश कर रहे थे परिजन, जांच में जुटी पुलिस

श्रावस्ती के हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र के मूर्तिहा गांव में ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले बसावन श्रीवास्तव का शव मंगलवार सुबह गड्ढे में मिला। वह सोमवार रात घर नहीं लौटे थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बसावन श्रीवास्तव, गया प्रसाद के बेटे थे और बंकटी मौजा गौसपुर के रहने वाले थे। वह ईंट-भट्ठे पर कच्ची ईंट की पथाई करने वाले मजदूरों की मदद करते थे। मजदूरों को पानी पहुंचाने और दूसरे कामों में हाथ बंटाकर रोजी कमाते थे। उनकी पत्नी रामजानकी ने बताया कि बसावन रोज शाम काम से घर लौट आते थे। सोमवार रात उनके घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चला। मंगलवार सुबह भट्ठे से सूचना मिली कि उनका शव एक छोटे गड्ढे में मिला है। बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे भट्ठे पर काम करने वाले एक पथेड़े ने इंजन के पास बने गड्ढे में शव देखा। उसने भट्ठे के मुंशी को बताया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हरदत्तनगर गिरंट थाना अध्यक्ष गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल देखा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बसावन की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी साफ नहीं है। पुलिस के मुताबिक, मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगी।