रेलवे मालगोदाम से नेपाल जाने वाले ओवरलोड मालवाहक वाहनों की लगातार आवाजाही से सर्विस लेन की हालत खराब हो गई है। भारी वाहनों के दबाव से सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे राहगीरों और छोटे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है और हादसे का खतरा बना हुआ है। रेलवे मालगोदाम पर स्पंज, लोहा, नमक, यूरिया और सरिया समेत भारी सामान की रैक आती हैं। माल लोड होने के बाद वाहन नौतनवा से कुसेरवा बाईपास और निर्माणाधीन फ्लाईओवर के रास्ते सर्विस लेन से सोनौली की ओर जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक माल लादकर संचालन किया जाता है। ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सर्विस लेन की सड़क तेजी से खराब हो रही है। हल्की बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। गहरे गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। खासकर दोपहिया वाहन सवारों के लिए इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने परिवहन विभाग से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है। एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ओवरलोड वाहनों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



















