डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मंगलवार को जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज का फोन आया। दोनों ने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की और दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ रहे आपसी संबंधों पर संतोष व्यक्त किया।
टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ाने के लिए कई नए अवसर खोलेगा।
पीएम मोदी और जर्मन चांसलर की फोन पर बात
प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, भारत और जर्मनी इस साल अपने राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं, इसलिए दोनों नेताओं ने रक्षा और उन्नत तकनीकों सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चर्चा की। साथ ही, वे वैश्विक शांति, स्थिरता और नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करना जारी रखने पर सहमत हुए।
किन-किन मुद्दों पर हुई मोदी-मर्ज चर्चा?
पीएम मोदी ने एक पोस्ट में कहा कि उनकी मर्ज के साथ सार्थक बातचीत हुई। उन्होंने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में आ रही तेजी की समीक्षा की और व्यापार, निवेश, रक्षा तथा उन्नत तकनीकों के क्षेत्र में नए अवसर खोलने के तरीकों पर चर्चा की।
भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित एफटीए पर दिसंबर में हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। नई दिल्ली और 27 सदस्य देशों वाले इस समूह के बीच बातचीत जनवरी में पूरी हो गई थी।
‘मदर आफ ऑल डील्स’ कहे जाने वाले इस एफटीए के तहत, भारत से होने वाले 93 प्रतिशत निर्यात को 27 देशों के इस समूह में शुल्क-मुक्त प्रवेश मिलेगा, जबकि ईयू से आने वाली लग्जरी कारों और वाइन का आयात सस्ता हो जाएगा।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

















