Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ उड़वलिया में हजरत बाबा दरिया शाह उर्स की तैयारियां अंतिम:17-18 सितंबर को...

उड़वलिया में हजरत बाबा दरिया शाह उर्स की तैयारियां अंतिम:17-18 सितंबर को जुटेंगे हजारों जायरीन, नेपाल और खाड़ी देशों से भी आएंगे

सिद्धार्थनगर के उड़वलिया गांव में सूफी बुजुर्ग हजरत बाबा दरिया शाह की दरगाह पर लगने वाले सालाना उर्स की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह दो दिवसीय उर्स 17 और 18 सितंबर को होगा। इसे लेकर दरगाह परिसर और पूरे इलाके में रौनक दिख रही है। दरगाह कमेटी के अनुसार, हजरत बाबा दरिया शाह की दरगाह सिर्फ सिद्धार्थनगर ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए आस्था का एक बड़ा केंद्र है। यहां साल भर लोग दर्शन के लिए आते हैं। हालांकि, सालाना उर्स के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, मुंबई के साथ-साथ नेपाल और खाड़ी देशों से भी लोग यहां आते हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से दुआ मांगने वालों की मुरादें पूरी होती हैं। इसी वजह से हिंदू और मुस्लिम, दोनों समुदायों के लोग यहां आते हैं। यह उर्स आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल भी माना जाता है। उर्स के लिए दरगाह कमेटी और स्थानीय लोग बड़े पैमाने पर तैयारियां कर रहे हैं। दरगाह परिसर और मजार शरीफ की रंगाई-पुताई और साफ-सफाई का काम लगभग पूरा हो चुका है। पूरे परिसर में आकर्षक रोशनी की गई है और चादर-पोशी के लिए भी जगह तैयार है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, वजू और लंगर की व्यवस्था की जा रही है। मेले में लगने वाली दुकानों के लिए जगह भी दी जा रही है। कमेटी के एक सदस्य ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या पिछले साल से ज्यादा रहने की उम्मीद है। इसलिए सभी इंतजाम पहले से बेहतर किए जा रहे हैं, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। दो दिवसीय उर्स में भारी भीड़ को देखते हुए मिश्रौलिया पुलिस और प्रशासन भी अलर्ट है। मेले के दौरान भीड़ को कंट्रोल करने, ट्रैफिक व्यवस्था संभालने और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उर्स का आगाज 17 सितंबर को चादर-पोशी और महफिल-ए-समा के साथ होगा। वहीं, 18 सितंबर को कुल की रस्म और दुआ के साथ उर्स का समापन किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here