
ग्राम पंचायत शंकरपुर में सफाई व्यवस्था बदहाल है। विक्रमजोत विकास क्षेत्र के इस गांव में वर्तमान में कोई सफाई कर्मचारी तैनात नहीं है, जिसके कारण सड़कें और विद्यालय परिसर गंदगी से पटे पड़े हैं। लगभग 6000 की आबादी वाले इस गांव में 10-12 पुरवे और कई विद्यालय हैं। पहले यहां तीन-चार सफाईकर्मी तैनात थे, लेकिन कुछ समय पहले सभी का तबादला कर दिया गया था। अब गांव की सड़कों पर झाड़ियां उग आई हैं और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। इससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी/एडीओ पंचायत, विक्रमजोत अजय चौधरी ने बताया कि सफाईकर्मियों की कमी है। उन्होंने जानकारी दी कि शंकरपुर में दो सफाईकर्मियों की नियुक्ति दो माह पहले ही कर दी गई थी, लेकिन उन्होंने अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। चौधरी ने यह भी बताया कि अब सफाईकर्मियों को समूह में भेजा जाता है, जो रोस्टर के अनुसार हफ्ते में एक दिन एक गांव में सफाई करते हैं। हालांकि, शंकरपुर में इस व्यवस्था का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।
Home लेटेस्ट न्यूज़ शंकरपुर में सफाई कर्मचारी नदारद, सड़कें-विद्यालय गंदे:एडीओपी ने कहा- दो माह पहले...































