बस्ती के विक्रमजोत ब्लॉक की शंकरपुर ग्राम पंचायत के मजरा कुचुनपुरवा में सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने पीली ईंट, घटिया बालू और कम सीमेंट इस्तेमाल करने की शिकायत की है।
.
ग्रामीणों के मुताबिक, यहां इंटरलॉकिंग या खड़ंजा मार्ग बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि मौके पर लगी ईंटें हाथ से टूट रही हैं और सड़क की साइड पटरी भी मानक के मुताबिक नहीं बनी है।
ग्रामीणों ने बताया कि फोटो में बालू पर ईंटें बिछाकर काम होता दिख रहा है। यह सड़क खेतों के बीच से गांव को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता है। निर्माण किसी ठेकेदार के जरिए कराया जा रहा है, लेकिन गुणवत्ता की जांच नहीं हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने प्रधान और सचिव से कई बार शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि कोई तकनीकी सहायक या जेई मौके पर निरीक्षण करने नहीं आया।
ग्रामीणों ने कहा कि इससे सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है और सड़क कुछ महीनों में टूट सकती है। उन्होंने जिलाधिकारी बस्ती और बीडीओ विक्रमजोत से निर्माण की जांच कराने और मानक के मुताबिक काम कराने की मांग की है।
















