नौतनवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत तरैनी स्थित रामलीला मैदान में दो दिवसीय थारू महोत्सव और खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। इसका आयोजन जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं में खेल भावना विकसित करने के लिए किया गया।
.
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी राजकुमार ने फीता काटकर किया। मूल आदिवासी थारू जनजाति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बहादुर चौधरी के नेतृत्व में यह महोत्सव आयोजित किया गया।
इसमें थारू समाज के युवाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया। कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद और ऊंची कूद समेत कई खेल प्रतियोगिताएं हुईं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जनजातीय परंपराओं और संस्कृति की झलक दिखी।
विजय बहादुर चौधरी ने कहा कि महोत्सव और खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा मजबूत करना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलता है।
कार्यक्रम में अगस्त मुनि चौधरी, रामभरत चौधरी, धीरजमणि चौधरी, विक्रम चौधरी, अवधेश कुमार चौधरी, राजेंद्र चौधरी, राजबीर चौधरी और अजय कुमार चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटी। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी भी तैनात रहे।
















