श्रावस्ती के इकौना कस्बे में मारपीट और दुकान में तोड़फोड़ के मामले में वांछित अभय शर्मा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में भर्ती कराया गया।
.
पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर को इकौना कस्बे में लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने और दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने के मामले में थाना इकौना में केस दर्ज हुआ था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने टीमें बनाई थीं।
28 नवंबर की रात करीब 11:50 बजे इकौना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम बनकटा नहर पुलिया से मजीदिया जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान केस में वांछित अभय शर्मा पुलिस के सामने आया। वह मुन्नालाल शर्मा का बेटा और भलुहिया दसौंधी, थाना इकौना का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर अभय ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके दाहिने पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 200 रुपए नकद मिले। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक, अभय के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















