BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home राष्ट्रीय समाचार राधाष्टमी पर बरसाना में पुलिस का कड़ा पहरा, 8 एडिशनल एसपी और...

राधाष्टमी पर बरसाना में पुलिस का कड़ा पहरा, 8 एडिशनल एसपी और 3000 जवान संभालेंगे कमान, SP ने दी जानकारी

मथुरा। बरसाना में राधाष्टमी को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है। 18 और 19 सितंबर को 35 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर आगरा जोन से अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई है। पूरे मेला क्षेत्र को 8 अपर पुलिस अधीक्षक, 36 सीओ और करीब 3000 पुलिसकर्मियों के हवाले किया गया है।

एसपी ने दी जानकारी

एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि सुरक्षा को तीन लेयर में बांटा गया है। श्रीजी मंदिर के अंदर, मंदिर के बाहर और कस्बे के बॉर्डर पर अलग-अलग पुलिस टीमें तैनात रहेंगी। मंदिर में प्रवेश के लिए दो ही गेट खोले गए हैं – श्रीजी गेट और पीली कोठी। भीड़ को एक साथ मंदिर में घुसने से रोकने के लिए 38 होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहां पुलिस जवान भीड़ को नियंत्रित करेंगे। निकास के लिए जयपुर मंदिर की ओर वन-वे रूट रखा गया है।

हर गतिविधि पर पुलिस की तीसरी आंख रहेगी। मेला क्षेत्र में 325 जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में सेंट्रल कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से अधिकारी पल-पल की निगरानी करेंगे। इसके अलावा 3 लोकेशन से ड्रोन से भी निगरानी कराई जाएगी।

पुलिस ने जारी कया प्लान

पुलिस ने ट्रैफिक प्लान भी जारी कर दिया है। गुरुवार रात 8 बजे से बरसाना कस्बे में सभी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। शुक्रवार सुबह 8 बजे से बाइक और ई-रिक्शा भी नहीं चलेंगे। एसएचओ अजीत सिंह ने बताया कि 88 जगहों पर बैरियर और 50 जगह पार्किंग बनाई गई है। कोसी, छाता, कामां और गोवर्धन की तरफ से आने वाले वाहनों को 3 से 5 किलोमीटर पहले ही रोक दिया जाएगा।

महिला सुरक्षा के लिए 5 एंटी रोमियो स्क्वाड और सादी वर्दी में जवान तैनात किए गए हैं। वहीं किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए 10 जगह एंबुलेंस और 10 जगह फायर टीम स्टैंडबाई पर रहेगी।