BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश रिदा परवीन ने AIAPGT परीक्षा में पांचवीं रैंक हासिल की:बस्ती की बेटी...

रिदा परवीन ने AIAPGT परीक्षा में पांचवीं रैंक हासिल की:बस्ती की बेटी ने एमडी के लिए क्वालीफाई कर बढ़ाया क्षेत्र का मान

रिदा परवीन ने ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट (AIAPGT) में पांचवीं रैंक हासिल कर बस्ती जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने एमडी के लिए क्वालीफाई कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। कहा जाता है कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती है। अगर दृढ़ इच्छाशक्ति, संकल्प, मेहनत और अनुशासन हो तो ग्रामीण परिवेश में भी बच्चे सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकते हैं। रिदा ने अपनी मेहनत से यह साबित किया है। विकास खंड साऊंघाट की ग्राम पंचायत परसालालशाही की बेटी रिदा परवीन ने बताया कि कड़ी मेहनत, लगन, अनुशासन, एकाग्रता और निरंतर संघर्ष के बल पर कोई भी परीक्षा पास की जा सकती है। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा गांव के आलम हायर सेकेंडरी स्कूल परसालालशाही से कक्षा एक से पांच तक की। इसके बाद कक्षा छह से दस तक की पढ़ाई जवाहर नवोदय विद्यालय रुधौली से पूरी की। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से उन्होंने इंटरमीडिएट और बीयूएमएस तक की शिक्षा हासिल की। अपने पहले ही प्रयास में उन्होंने ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट की परीक्षा पास कर पांचवीं रैंक प्राप्त की है। रिदा ने बताया कि उनकी बड़ी बहन रिजा परवीन बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर से एमडी कर रही हैं। भाई असफान अहमद रुड़की से आईआईटी कर रहे हैं, जबकि छोटा भाई ओमान अहमद अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में पढ़ रहा है। रिदा परवीन ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उनके चाचा रियाज अहमद ने बताया कि रिदा के पिता बस्ती तहसील में वकालत करते हैं और उनकी मां गृहिणी हैं। रिदा परवीन की इस सफलता पर आलम हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक मारूफ आलम, सुरेंद्र कुमार गौतम, दारुल उलूम अलिमिया के प्रधानाचार्य मौलाना मो. उम्मीद अली सिद्दीकी, प्रधानाचार्य मौ. मो. फारूक अहमद निजामी, धर्मगुरु मौ. मो. अयूब खान, मुहम्मद मुकीम खान, मरगूब अहमद खान, फैय्याज अहमद, प्रबंधक हरिशंकर चौधरी, रविशंकर चौधरी, मो. तयूब और रोशन अली सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी है।