
बहराइच में नगर पालिका के मेवाती पूरा वार्ड के सभासद मोहम्मद अकील पर शनिवार रात करीब 10 बजे कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर लोगों के मौके पर पहुंचने पर हमलावर फरार हो गए। घटना के विरोध में रविवार को अन्य सभासदों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। क्लीनिक के सामने घेरकर हमला करने का आरोप मोहम्मद अकील के अनुसार, वह अपनी मोटर पार्ट्स की दुकान बंद कर नानपारा पुराने बस स्टैंड की ओर से घर लौट रहे थे। डॉ. सचिन अग्रवाल के क्लीनिक के सामने कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जेब से 5 हजार और घड़ी छीनने की शिकायत अकील का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनकी जेब से 5 हजार रुपये नकद और हाथ में पहनी घड़ी भी छीन ली। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग निकले। तीन युवकों के खिलाफ तहरीर पीड़ित सभासद ने कोतवाली नगर में कबीर, अभय पटेल और अखिल यादव के खिलाफ तहरीर दी है। शिकायत में उन्होंने मारपीट और सामान छीनने समेत पूरी घटना का विवरण दिया है। सभासदों ने कोतवाली पहुंचकर की गिरफ्तारी की मांग घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार को बड़ी संख्या में नगर पालिका सभासद कोतवाली नगर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सभासदों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग भी रखी। नगर कोतवाल ब्रजेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























