
महसी विधानसभा के उत्तरी छोर स्थित घाघरा तटीय क्षेत्र पिपरिया, मांझा दरियाबुर्द और आसपास के गांवों से रविवार को 6 युवा लखनऊ के लिए पदयात्रा पर निकले। इन युवाओं ने श्रीकृष्ण और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चित्र वाले परिधान पहने थे। पदयात्रा के दौरान उन्होंने ‘बोल रहा सारा परिवेश, जय अखिलेश-जय देवेश’ जैसे नारे लगाए। यह पदयात्रा लीलापुरवा, चकैया, राजापुर, सबलापुर, रायपुर, थैलियां, राजी चौराहा और सिंगिया होते हुए महसी बाजार पहुंची। महसी बाजार में समाजवादी पार्टी (सपा) नेता देवेश चंद्र मिश्र ‘मंजनू’ ने अपने समर्थकों के साथ पदयात्रियों का स्वागत किया। उन्होंने पदयात्रियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया और उनसे क्षेत्रीय समस्याओं से संबंधित एक सूची भी प्राप्त की। मिश्र ने युवाओं के उत्साह और संकल्प की सराहना करते हुए उनकी सफलता की कामना की। पदयात्रा का नेतृत्व अजय यादव, अमन यादव और प्रवीण यादव कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह जत्था 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर लखनऊ स्थित सपा कार्यालय पहुंचेगा। यहां वे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे अखिलेश यादव को वर्ष 2027 में पुनः सरकार बनाने और मुख्यमंत्री बनने की अग्रिम शुभकामनाएं देंगे। साथ ही, क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।























