
लखनऊ। प्रदेश के सभी 223 राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावासों का 12.45 करोड़ से कायाकल्प किया जायेगा। इनमें रखरखाव, मरम्मत और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण किया जायेगा। छात्रावासों में विद्यार्थियों की क्षमता के आधार पर यह धनराशि जारी की जाएगी। इसके तहत 50 विद्यार्थियों की क्षमता वाले छात्रावासों को 5 लाख रुपए की मदद मिलेगी। प्रदेश के समाज कल्याणमंत्री असीम अरुण ने बताया कि पेयजल व्यवस्था, विद्युत उपकरणों की मरम्मत एवं सुधार, शौचालयों की मरम्मत, रंग-रोगन तथा सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और अध्ययन के अनुकूल आवासीय वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि छात्रावास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के केंद्र हैं। इस बजट स्वीकृति से सभी 223 छात्रावासों की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार होगा।

























