
लखनऊ। आशियाना दिगंबर जैन मंदिर परिसर में अहंकार को तोड़ने और विनय, नम्रता और समर्पण का भाव जागृत करने के प्रतीक 35 फुट ऊंचे भव्य मानस्तंभ के निर्माण की शुरूआत रविवार को भव्यता के साथ भूमि पूजन एवं नींव पूजन के साथ हुई। इस मानस्तंभ में जैन धर्म के 24 तीर्थंकर भगवंतों की आगमसम्मत प्रतिमाएं चारों दिशाओं में स्थापित की जाएंगी।मुनि उपाध्याय वीहसंत सागर महाराज के सान्निध्य में विधि-विधानपूर्वक भूमि पूजन एवं नींव पूजन संपन्न हुआ। सभी धार्मिक क्रियाएं दमोह से आए प्रतिष्ठाचार्य आशीष जैन ने मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत संपन्न कराईं। विभिन्न पूजन द्रव्यों से पूजा-अर्चना कर मानस्तंभ के निर्माण का शुभारंभ किया गया। इस भव्य मानस्तंभ के मुख्य पुण्यार्जक परिवार चंद्र प्रकाश जैन, मनोज जैन-आभा जैन, मनोज -समता जैन एवं अभय शाह जैन हैं। पुण्यार्जक परिवारों द्वारा मानस्तंभ के निर्माण का पूरा खर्च वहन किया जाएगा। परिवारों ने इसे धर्म एवं समाज के लिए अपना सौभाग्य बताते हुए निर्माण में सहयोग का संकल्प लिया।

























