Home लेटेस्ट न्यूज़ मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को मिला सुरक्षा प्रशिक्षण:बहू-बेटी सम्मेलन के चौथे...

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को मिला सुरक्षा प्रशिक्षण:बहू-बेटी सम्मेलन के चौथे बैच में अधिकारों की जानकारी दी गई

0
3


बलरामपुर में मिशन शक्ति के अंतर्गत बहू-बेटी सम्मेलन योजना के चौथे बैच का एक दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को आयोजित किया गया। विकासखंड सदर बलरामपुर के मीटिंग हॉल में हुई इस कार्यशाला में विभिन्न ग्राम पंचायतों से आई महिलाओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों और सामाजिक जागरूकता पर प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, घरेलू हिंसा, लिंग आधारित हिंसा, साइबर अपराध, दहेज प्रथा और महिलाओं व किशोरियों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से इन विषयों को समझाया और प्रतिभागियों को ग्राम स्तर पर जागरूकता फैलाने में उनकी अहम भूमिका बताई। कार्यशाला में परिचयात्मक गतिविधियों और समूह कार्य के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के साथ बेहतर एवं सम्मानजनक व्यवहार पर भी चर्चा हुई। प्रशिक्षित महिलाएं अब अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में 15 से 35 वर्ष की किशोरियों और महिलाओं के बीच संवाद स्थापित कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सहायता योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगी। इस कार्यशाला में पुलिस विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिला कर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर विनीत चतुर्वेदी, मुख्य सेविका अनीता गुप्ता, सहायक अध्यापक पल्लवी यादव, महिला कांस्टेबल अंजली, महिला आरक्षी रवीना राणा, नोडल अधिकारी कन्हैया प्रसाद और राम शंकर पांडे सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों द्वारा प्रदान किया गया। बहू-बेटी सम्मेलन कार्यक्रम 23 अगस्त से 10 सितंबर तक संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्राम स्तर तक महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की जानकारी पहुंचाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here