BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश तालाब की जमीन से हटा अवैध कब्जा:पूर्व विधायक परिवारों से मिलने पहुंचे,...

तालाब की जमीन से हटा अवैध कब्जा:पूर्व विधायक परिवारों से मिलने पहुंचे, 40 साल पुराने निर्माण का दावा

श्रावस्ती के इकौना देहात में तालाब की जमीन से पिछले हफ्ते अवैध कब्जा हटाया गया था। मंगलवार को 3:00 बजे सपा के पूर्व विधायक असलम राईनी प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों की समस्याएं सुनीं। पूर्व विधायक राईनी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि ठंड का मौसम आ रहा है, इसलिए यदि जमीन अवैध नहीं है तो परिवारों को दोबारा मकान मिलना चाहिए। निरीक्षण के दौरान असलम राईनी ने कार्रवाई के बाद निकली ईंटों को हाथ में लेकर दिखाया और कथित तौर पर दावा किया कि ये ईंटें करीब 40 साल पुरानी हैं। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले को जल्द ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सामने रखेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों की आवाज सही मंच तक पहुंचाई जाएगी। वहीं, एसडीएम इकौना रवींद्र कुमार ने बताया कि इकौना देहात में कुछ लोगों ने तालाब की जमीन पर अवैध निर्माण किया था। तहसीलदार कोर्ट से धारा 67 के तहत कब्जा हटाने का आदेश दिया गया था। यह मामला हाईकोर्ट तक भी गया था, जहां से भी धारा 67 के तहत कार्रवाई हुई। इसके बाद प्रशासन ने तालाब की जमीन से अवैध कब्जा हटवाया। एसडीएम ने यह भी बताया कि जो लोग तालाब की जमीन पर बसे थे, वें अब आबादी की जमीन पर चले गए है और अब उन्हें कोई दिक्कत नहीं है।