नई दिल्ली । कार निर्माता स्वदेशी कंपनी मंहिद्रा की महिंद्रा थार के 3-डोर मॉडल के फेसलिफ्ट का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। इस कार को लॉन्च से पहले अपने अंतिम रोड टेस्ट के दौरान देखी गई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि इसकी एंट्री भारतीय बाजार में जल्द ही होने वाली है। इस नई थार में डिजाइन से लेकर फीचर्स तक कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जिनमें से कई एलिमेंट और फीचर्स थार रॉक्स से प्रेरित होंगे। फ्रंट में सबसे बड़ा बदलाव थार रॉक्स से प्रेरित राउंड एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप और सी-शेप एलईडी डीआरएल के रूप में देखने को मिलेगा।
नई ग्रिल अधिक आधुनिक डिजाइन के साथ आएगी और अलग-अलग वेरिएंट में इसका डिजाइन भिन्न हो सकता है। नए फ्रंट बंपर और अपडेटेड फॉग लैंप भी इसमें शामिल होंगे। साइड प्रोफाइल में नए 5-स्पोक 19-इंच अलॉय व्हील मिल सकते हैं, जबकि पीछे की तरफ नई एलईडी टेललाइट डिजाइन और बदला हुआ बंपर इसे पहले से ज्यादा प्रीमियम लुक देगा। फेसलिफ्ट थार के इंटीरियर में भी कई खास बदलाव किए जाएंगे, जिसमें 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और एक बड़ा इन्फोटेनमेंट सिस्टम शामिल है।
वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, ऑटो-डिमिंग आईआरवीएम, वायरलेस चार्जिंग और बेहतर ऑडियो सिस्टम जैसे फीचर्स भी जोड़े जाएंगे। सबसे बड़ा अपग्रेड लेवल 2 एडीएएस हो सकता है, जिसके लिए टेस्ट मॉडल में फ्रंट कैमरा भी देखा गया है, जो इसकी सुरक्षा को और बढ़ाएगा। नई थार फेसलिफ्ट में मौजूदा 1.5-लीटर टर्बो डीजल, 2.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 2.2-लीटर टर्बो डीजल इंजन विकल्प ही जारी रहेंगे, जिनके साथ 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा। 4गुणा4 ड्राइवट्रेन भी चुनिंदा वेरिएंट में उपलब्ध रहेगा।





















