श्रावस्ती जनपद के तहसील जमुनहा क्षेत्र स्थित ग्राम मनवरिया भोजा के निवासी मक़दूम ख़ां ने उपज़िलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर नक़ली बीज बेचने वाले विक्रेता के ख़िलाफ़ जाँच और कार्रवाई की माँग की है।
पीड़ित किसान मक़दूम ख़ां (पुत्र मतीन ख़ां) ने बताया कि उन्होंने ‘खाद बीज दुकान’ के दुकानदार रईस (पुत्र अभिलाख, निवासी आलागांव) से धान का बीज ख़रीदा था। पीड़ित का आरोप है कि दुकानदार ने उन्हें अवैध रूप से ग़लत और ख़राब गुणवत्ता का बीज बेच दिया।
7 बीघा फ़सल हुई बर्बाद
किसान ने उक्त बीज को अपने 7 बीघा खेत में बोया था। बीज के सही न होने के कारण फ़सल पूरी तरह ख़राब हो गई, जिससे पीड़ित को भारी आर्थिक नुक़सान पहुँचा है। आवेदन पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त दुकानदार क्षेत्र में किसानों को ग़लत बीज बेचकर लूटपाट कर रहा है।
मुआवज़े और जाँच की माँग
पीड़ित किसान ने उपज़िलाधिकारी से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जाँच कराई जाए और दुकानदार से उनकी लागत राशि वापस दिलाई जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके।


























