BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ आरटीओ कार्यालय में पुलिस देख भागे संदिग्ध:छविलहां खोर में संयुक्त कार्रवाई, 4...

आरटीओ कार्यालय में पुलिस देख भागे संदिग्ध:छविलहां खोर में संयुक्त कार्रवाई, 4 लोग पकड़े गए

आरटीओ कार्यालय छविलहां खोर में बुधवार को पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस की गाड़ी पहुंचते ही कार्यालय परिसर और आसपास मौजूद संदिग्धों में भगदड़ मच गई। कई लोग मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर चार संदिग्धों को पकड़ लिया। संयुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान पुलिस की गाड़ी देखते ही संदिग्ध छविलहां और पाण्डेडीह गांव की तरफ भागे। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर भाग रहे चार लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए चारों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के दौरान आरटीओ कार्यालय परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी रही। पुलिस और आरटीओ अधिकारियों ने कार्यालय परिसर में मौजूद लोगों से आने की जानकारी भी ली। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय के आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए लोगों से पूछताछ जारी है। जांच में यदि किसी तरह की गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि सामने आती है, तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ माला बाजपेई ने बताया कि परिसर में अनाधिकृत रूप से घूमने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर पूरे दिन आरटीओ कार्यालय परिसर में चर्चा होती रही। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गिरफ्तार किए गए चारों संदिग्धों के संबंध में पूरी जानकारी सामने आएगी।