BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home अपराध प्रयागराज: CM की मौजूदगी वाले कार्यक्रम से गायब मिले 40 जवान, कमिश्नर...

प्रयागराज: CM की मौजूदगी वाले कार्यक्रम से गायब मिले 40 जवान, कमिश्नर ने लगाई क्लास

 

प्रयागराज हाईकोर्ट में 14 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। वीआईपी ड्यूटी के लिए रिजर्व में रखी गई पूरी टीम ही मौके से गायब मिली। इस लापरवाही पर पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया ने सख्त रुख अपनाते हुए 40 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।

बनाई गई दो टीमें

पुलिस विभाग ने इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के लिए दो टीमें बनाई थीं। ए-टीम को सीधे हाईकोर्ट परिसर में तैनाती दी गई थी, जबकि अलग-अलग थानों से बुलाए गए 53 जवानों की बी-टीम को बैकअप के तौर पर पुलिस लाइन में स्टैंडबाई रखा गया था। प्लान था कि अगर भीड़ बढ़ती है या कोई इमरजेंसी आती है तो ये जवान तुरंत मौके पर पहुंच जाएंगे।

सूत्रों के मुताबिक इन सभी 53 जवानों ने थाने से रवानगी लेकर पुलिस लाइन में अपनी आमद भी दर्ज करा दी थी, लेकिन हाजिरी लगाते ही ज्यादातर जवान वहां से खिसक गए। जब कार्यक्रम के दौरान अफसरों ने बी-टीम को मूव करने के लिए खोजा तो 53 में से सिर्फ 13 ही मिले, बाकी 40 का कहीं पता नहीं था।

सीपी ने कहा ये

इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए रिपोर्ट कमिश्नर तक पहुंची। वीआईपी ड्यूटी में इस तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, यह कहते हुए कमिश्नर ने एक साथ 40 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई कर दी।

विभाग का कहना है कि स्टैंडबाई का मतलब छुट्टी नहीं, बल्कि अलर्ट पर रहना होता है। लाइन हाजिर किए गए सभी जवानों से अब जवाब-तलब किया जाएगा।