महराजगंज सदर कोतवाली क्षेत्र में मायके से ससुराल लौट रही महिला और उसके दो छोटे बच्चों की नाले में डूबने से मौत हो गई। हादसा मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। देर रात तक तीनों के घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने तलाश शुरू की, लेकिन बुधवार को नाले के पास तीनों के शव मिलने के बाद हादसे की जानकारी हुई। मायके से बच्चों के साथ ससुराल के लिए निकली थी पूनम 48 वर्षीय पूनम देवी मंगलवार को अपने बेटे विपिन (8) और बेटी सुहानी (6) के साथ मायके से ससुराल के लिए निकली थीं। मायके में नए मकान की छत पड़ रही थी। पकड़ी जंगल के पास ऑटो से उतरने के बाद तीनों पैदल गांव की ओर जा रहे थे। शाम तक पूनम अपने दोनों बच्चों के साथ बोकड़ा देवी स्थान के पास नदाव नाले तक पहुंचीं। वहां नाव का संचालन बंद हो चुका था। घर पहुंचने की जल्दी में पूनम ने दोनों बच्चों का हाथ पकड़ा और नाले में उतर गईं। इसी दौरान नाले में बने गहरे गड्ढे में बच्चों के पैर चले गए और दोनों डूबने लगे। बच्चों को बचाने की कोशिश में मां भी डूबी बच्चों को डूबता देख पूनम ने उन्हें बचाने की कोशिश की। इसी दौरान वह भी गहरे पानी में चली गईं। देखते ही देखते तीनों पानी में समा गए। आसपास किसी के मौजूद नहीं होने के कारण तत्काल मदद नहीं मिल सकी। देर शाम तक पूनम और दोनों बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर पति मोहित और परिवार के लोग परेशान हो गए। मायके में फोन करने पर पता चला कि पूनम दोपहर में ही बच्चों के साथ वहां से निकल चुकी थीं। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने जंगल और आसपास के इलाकों में रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार को नाले के पास भैंस चराने गए एक व्यक्ति की नजर पानी में पड़े तीन शवों पर पड़ी। सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शवों की पहचान पूनम देवी, उनके बेटे विपिन और बेटी सुहानी के रूप में हुई। पुणे में मजदूरी करते हैं पति, आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार पूनम के पति मोहित पुणे में पेंटिंग और मजदूरी का काम करते हैं। सीमित आमदनी में पांच बच्चों की परवरिश मुश्किल से हो रही थी। परिवार की आर्थिक स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बड़ी बेटी भगवानी (21) और अनीता (12) बुआ के घर रह रही हैं, जबकि पूजा (19) नानी के घर रहती है। आठ साल का विपिन चार बहनों का इकलौता भाई था। परिवार को उससे बेहतर भविष्य की उम्मीद थी। मां पूनम और इकलौते भाई विपिन की मौत से चारों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही हादसे में मां और दोनों छोटे भाई-बहन को खोने से पूरा परिवार सदमे में है।
किराना दुकान के रैक में मिला जहरीला सांप:दुकानदार ने देखा तो...
जमुनहा में एक किराना दुकान के रैक में जहरीला सांप मिलने से हड़कंप मच गया। दुकान मालिक ने सांप को देखते ही इसकी...




























