
ललिया थाना क्षेत्र के बनकटवा रेंज अंतर्गत गनवरिया ग्राम पंचायत के मजरा रमनगरा में तेंदुए की गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। शनिवार भोर में एक तेंदुए ने गुरुदीन विश्वकर्मा के कुत्ते पर हमला कर उसे मार डाला। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से लोग खेतों और रास्तों पर जाने से डर रहे हैं। बीते दिनों ग्रामीण अनिल कुमार वर्मा ने बताया था कि खेत जाते समय तेंदुए ने उन्हें खदेड़ लिया था, जिससे उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। कलावती, अनीता और सुरेखा नामक महिलाओं ने भी खेत जाते समय तेंदुए द्वारा उन पर हमला करने के प्रयास की बात कही है। इन घटनाओं के बाद से गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है ताकि वे सुरक्षित महसूस कर सकें। इस संबंध में बनकटवा रेंज के रेंजर शत्रुघ्न लाल ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिल गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
























