श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र में इकौना-सीताद्वार मार्ग पर भखरुहिया छोटी नहर के पुल के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। बलुहा लालपुर खदरा निवासी राकेश (24), पुत्र रामकरन, किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सीताद्वार छोटी नहर के पुल के पास सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक टकरा गई। दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना मिलने पर एंबुलेंस राकेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले गई। वहां उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। दूसरे घायल को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।
