BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home उत्तर प्रदेश अज्ञात परिस्थितियों में युवक-युवती ने फांसी लगाकर दी जान, इलाके में हड़कंप;...

अज्ञात परिस्थितियों में युवक-युवती ने फांसी लगाकर दी जान, इलाके में हड़कंप; मौत के सटीक कारणों का पता नहीं

रुधौली (बस्ती)। नगर पंचायत रुधौली के बालेश्वरी सिंह नगर वार्ड में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अलग-अलग स्थानों पर एक युवक और एक युवती ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जुड़वां घटनाओं की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालेश्वरी सिंह नगर वार्ड निवासी राहुल पुत्र गया दीन ने अपने घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित एक रेड़ के पेड़ से फांसी लगा ली। वहीं, दूसरी ओर नीरू नाम की युवती ने भी अपने घर के पास स्थित अमरूद के पेड़ से लटककर खुदकुशी कर ली। घटना की भनक लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहुल के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवती के परिजन नीरू के शव को पेड़ से उतारकर घर ले जा चुके थे।

 

दोनों मौतों के बाद संबंधित परिवारों में कोहराम मच गया।

संबंधित खबरें

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतका नीरू अपने भाई-बहनों में सबसे छोटी थी, जबकि राहुल चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था।

मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं, तरह-तरह की चर्चाएं।

दोनों घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की कयासबाजियों का दौर जारी है। क्षेत्र में इसे प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दोनों के इस आत्मघाती कदम उठाने और मौत के सटीक कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है।पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगालने के बाद ही मौत के असली कारणों और पूरी सच्चाई का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल दोनों मौतों से पूरे वार्ड में मातम और गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है।