महराजगंज के पनियरा में मुजुरी-पनियरा मार्ग पर कुआंचाप के पास सोमवार की शाम पेट्रोल पंप के निकट तीन मोटरसाइकिलों की आपस में जोरदार भिड़ंत में घायल युवक अमित (30) की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। अमित जंगल बड़हरा गांव का निवासी था। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा लाया गया था, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया था। परिजनों के अनुसार, अमित का इलाज गोरखपुर एम्स में चल रहा था। बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि अमित करीब दो महीने पहले ही हैदराबाद से अपने घर लौटा था। वह हैदराबाद में रहकर पेंट-पॉलिश का काम करता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अमित की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी परी करीब आठ वर्ष और छोटी बेटी अनन्या करीब पांच वर्ष की है। पिता की मौत के बाद दोनों मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। हादसे के बाद से गांव में भी शोक का माहौल है। सोमवार शाम हुए हादसे में तीनों बाइक पर सवार चार लोग घायल हुए थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुजुरी-पनियरा मार्ग पर हादसे में घायल युवक की मौत:तीन बाइक की भिड़ंत में चार लोग घायल हुए थे, गोरखपुर एम्स में चल रहा था इलाज
और पढ़ें
संबंधित खबरें








































