
मिठौरा विकासखंड के परसा मीर से सोनवाल जाने वाले मार्ग पर बगहा बाबा के पास सड़क टूट गई है और उसमें बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश होते ही सड़क पर करीब एक फीट तक पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी होती है और आवागमन पर असर पड़ता है। ग्रामवासी राम सिंह ने बताया कि बरसात के दिनों में पानी भरने से साइकिल और मोटरसाइकिल सवारों को बहुत दिक्कत होती है। गड्ढों में पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इसी रास्ते से छात्र-छात्राएं स्कूल जाते हैं। कई बार साइकिल सवार छात्र गड्ढों में गिरकर भीग चुके हैं और उन्हें चोट भी लग चुकी है। ग्रामवासी इंदल कुमार, गुड्डू, राम सिंह और दिलीप चौधरी ने बताया कि बारिश के समय सड़क पर पानी जमा रहने से राहगीरों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने विभाग से सड़क की मरम्मत कराने और पानी निकालने की सही व्यवस्था करने की मांग की है।
































