बस्ती के गौर बाजार में कपड़ा खरीदने पहुंचे युवक से मारपीट के आरोप में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज किया है। मामले में 11 नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में जांच शुरू की गई है। एफआईआर के मुताबिक, पैकोलिया थाना क्षेत्र के ग्राम सरनागी निवासी राकेश यादव पुत्र राम बचन 26 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे गौर बाजार में अमित गुप्ता की कपड़े की दुकान पर खरीदारी करने गए थे। आरोप है कि कपड़ा पसंद नहीं आने पर उनकी दुकान संचालक अमित गुप्ता से कहासुनी हुई। राकेश यादव ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनसे गाली-गलौज की गई और बाद में कई लोगों को बुलाया गया। शिकायत के अनुसार, अमित गुप्ता के साथ जानू, आदर्श, चांद सोनी, राजू कसौधन, दिग्विजय सोनी, जीतू, विनय जयसवाल, विमल, अजीत और विनीत समेत अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने लाठी-डंडे, स्टूल, ईंट और लोहे की रॉड से हमला किया। चोट लगने के बाद राकेश के बेहोश होकर गिरने की बात शिकायत में कही गई है। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। राकेश ने आरोप लगाया कि घटना के बाद गौर थाने और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। न्यायालय के आदेश पर गौर पुलिस ने मु0अ0सं0 186/2026 दर्ज किया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 352, 351(3), 115(2) और 110 के तहत केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने की बात भी कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छोटा सा कदम, बड़ा संदेश, NCC कैडेट को सैल्यूट कर सीएम...
डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे लोगों द्वारा खूब पसंद...

















